राजस्थान के छात्रों की बल्ले-बल्ले, गर्मी की छुट्टियों की घोषणा, जानें कब से खुलेंगे स्कूल

राजस्थान के छात्रों की बल्ले-बल्ले, गर्मी की छुट्टियों की घोषणा, जानें कब से खुलेंगे स्कूल

Rajasthan School Holidays: राजस्थान के स्कूलों में 17 मई से 20 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी. इस बार अवकाश 45 की बजाय 35 दिन का होगा. 21 जून से नियमित स्कूल खुलेंगे. शिक्षा विभाग ने नया शिविरा पंचांग जारी कर पूरे साल की पढ़ाई, परीक्षाओं और छुट्टियों का कार्यक्रम तय किया है.

राजस्थान के सरकारी और निजी स्कूलों में 17 मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू होने जा रही हैं. इसे लेकर शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के संस्था प्रधानों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं. विभाग ने कहा है कि स्कूल बंद रहने के दौरान कक्षा कक्षों और बाकी कमरों की ठीक तरीके से देखभाल की जाए ताकि किसी तरह की परेशानी ना हो.

इस बार शिविरा पंचांग के अनुसार स्कूलों में ग्रीष्मावकाश 17 मई से 20 जून 2026 तक रहेगा. यानी विद्यार्थियों को इस बार कुल 35 दिन की छुट्टियां मिलेंगी. पहले हर साल करीब 45 दिन का अवकाश रहता था, लेकिन इस बार छुट्टियों की अवधि 10 दिन कम कर दी गई है.

सबसे बड़ा बदलाव स्कूल खुलने की तारीख को लेकर किया गया है. पहले हर साल 21 जून को सिर्फ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए स्कूल खोले जाते थे और उसके बाद फिर से बंद हो जाते थे. नियमित कक्षाएं 1 जुलाई से शुरू होती थीं. लेकिन इस बार सरकार ने 21 जून से ही स्कूलों को नियमित रूप से खोलने का फैसला किया है.

शिक्षा विभाग ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शिविरा पंचांग भी जारी कर दिया है. यह पंचांग प्रदेश के सभी सरकारी, गैर सरकारी और आवासीय स्कूलों में लागू होगा, जो प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित होते हैं. खास बात यह है कि नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है.

पंचांग में पूरे साल की पढ़ाई, परीक्षाएं, खेलकूद प्रतियोगिताएं और दूसरी गतिविधियों का पूरा कार्यक्रम पहले से तय कर दिया गया है. विभाग का कहना है कि इससे स्कूलों में कामकाज समय पर और व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा. इस सत्र में कुल 244 दिन स्कूल संचालित किए जाएंगे.

शिक्षा विभाग ने इस बार पढ़ाई के समय को बेहतर तरीके से संतुलित करने के लिए छुट्टियों में बदलाव किया है. ग्रीष्मकालीन अवकाश कम किए गए हैं, जबकि सर्दियों की छुट्टियां जनवरी महीने में रखी गई हैं. विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर बेहतर असर पड़ेगा.

कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के प्रवेश की अंतिम तारीख 11 जुलाई 2026 तय की गई है. पंचांग में कुल 126 छुट्टियां घोषित की गई हैं. इनमें 69 सामान्य अवकाश, 52 रविवार, 4 शैक्षिक सम्मेलन अवकाश और 1 एचएम पावर अवकाश शामिल है. इसके अलावा जिला कलेक्टर जरूरत के हिसाब से 2 अतिरिक्त छुट्टियां भी घोषित कर सकेंगे.

वहीं बोर्ड परीक्षाओं की बात करें तो माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी और मार्च 2027 में करवाने का प्रस्ताव रखा गया है. इसके अलावा पंचांग में नो बैग डे और दूसरी सह-शैक्षणिक गतिविधियों का भी अलग से उल्लेख किया गया है. छुट्टियों के अनुसार जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन 18 और 19 सितंबर 2026 को होंगे, मध्यावधि अवकाश 4 से 15 नवंबर तक रहेगा, जबकि शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर 2026 से 10 जनवरी 2027 तक घोषित किया गया है.

Leave a Comment